Khabar Haryana : Trusted, Fast & Real News from Haryana
  • 34ºc, Sunny
  • Saturday, 4th April, 2026 08:05 PM
Advertisement
GlobizIT Banner
Advertisement
Top Ad
स्वस्थ नारी – सशक्त परिवार अभियान से गुरुग्राम में 9,000 से अधिक महिलाओं को लाभ

स्वस्थ नारी – सशक्त परिवार अभियान से गुरुग्राम में 9,000 से अधिक महिलाओं को लाभ

प्रकाशित: 04 Oct 2025, 06:58 AM

स्वस्थ नारी – सशक्त परिवार अभियान से गुरुग्राम में 9,000 से अधिक महिलाओं को लाभ

एनीमिया रोकथाम, मातृ एवं किशोर स्वास्थ्य सुधार और जीवनशैली रोगों की जांच पर जोर

योग–प्राणायाम सत्रों और जागरूकता कार्यक्रमों से महिलाओं को मिल रही स्वास्थ्य संबंधी जानकारी

2 अक्टूबर तक जिलेभर में स्वास्थ्य शिविर, योग सत्र और जनजागरूकता गतिविधियाँ होंगी आयोजित

गुरुग्राम, 30 सितंबर-
राजू चित्रा खबर हरियाणा

आयुष विभाग गुरुग्राम द्वारा “स्वस्थ नारी – सशक्त परिवार अभियान” बड़े उत्साह और जनसहभागिता के साथ संचालित किया जा रहा है। जिला आयुष अधिकारी डॉ. मंजू कुमारी ने बताया कि यह अभियान महिलाओं के स्वास्थ्य, पोषण और जागरूकता को बढ़ावा देकर परिवार और समाज की समग्र स्वास्थ्य स्थिति को मजबूत करने के उद्देश्य से शुरू किया गया है।
डॉ. मंजू कुमारी ने बताया कि अभियान के तहत एनीमिया की रोकथाम, मातृ एवं किशोर स्वास्थ्य सुधार, संतुलित आहार को प्रोत्साहन, और मधुमेह, थायरॉइड, मोटापा, उच्च रक्तचाप जैसी बीमारियों की जांच और परामर्श पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके साथ ही योग और प्राणायाम के माध्यम से शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बढ़ावा देने पर भी जोर है।
उन्होंने बताया कि अब तक जिले में आयोजित स्वास्थ्य शिविरों, योग सत्रों और जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से 9,086 लाभार्थियों ने सेवाओं का लाभ उठाया है। इन कार्यक्रमों में महिलाओं और किशोरियों को संतुलित आहार, आयरन युक्त भोजन, मासिक धर्म स्वच्छता, मातृ स्वास्थ्य, एनीमिया नियंत्रण और पारंपरिक औषधियों के महत्व की जानकारी दी गई। आयुष संस्थानों और आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविरों में रक्तहीनता, थायरॉइड, मधुमेह, उच्च रक्तचाप और अन्य जीवनशैली रोगों की जांच की जा रही है।
डॉ. मंजू कुमारी ने बताया कि यह अभियान ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों की महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि महिलाओं का स्वास्थ्य ही परिवार और समाज के स्वास्थ्य की आधारशिला है। यह अभियान 2 अक्टूबर 2025 तक जिले भर में जारी रहेगा, जिसमें स्वास्थ्य शिविर, योग सत्र और जनजागरूकता गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी।