Khabar Haryana : Trusted, Fast & Real News from Haryana
  • 34ºc, Sunny
  • Saturday, 4th April, 2026 08:03 PM
Advertisement
GlobizIT Banner
Advertisement
Top Ad
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली के जन्मदिन पर विशेष :

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली के जन्मदिन पर विशेष :

प्रकाशित: 04 Oct 2025, 07:00 AM

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली के जन्मदिन पर विशेष :

मोहन लाल बडौलीः संगठन की साधना करने वाला नायाब पंडित

पंडित मोहन लाल बड़ौली ने साधारण परिवार से निकलकर राजनीति में अपनी संगठन क्षमता से ऊंचाइयों को छुआ

लेखक - अरविंद सैनी
मीडिया प्रभारी, भाजपा हरियाणा

राजू चित्रा खबर हरियाणा

जैसे हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी की मधुर मुस्कान और कार्य करने की उनकी ललक हरेक व्यक्ति को मोह रही है, ठीक वैसे ही भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बडौली की व्यवहार कुशलता और कार्यकर्ताओं से अपनेपन ने प्रदेश भर के लाखों कार्यकर्ताओं को पंडित जी का मुरीद बना दिया है। रविवार को पंडित मोहन लाल बड़ौली का 62 जन्म दिन कार्यकर्ता ने जिस धूमधाम से मनाया, उसमें इसकी बानगी भी दिखाई दी। लाखों कार्यकर्ताओं के प्रेरणापुंज श्री बड़ौली को दिनभर जन्मदिन की बधाईयां देने वालों का तांता लगा रहा। 28 सितंबर 1963 को किसान घर में जन्में बड़ौली ने एक साधारण परिवार से निकलकर राजनीति में अपनी मेहनत और समर्पण तथा संगठन क्षमता से ऊंचाइयों को छुआ है।
पंडित मोहन लाल बड़ौली के पिता काली राम कौशिक गांव के एक सम्मानित कवि थे, जो पंडित लख्मी चंद के प्रशंसक थे। यह पारिवारिक पृष्ठभूमि ही मोहन लाल बड़ौली की सांस्कृतिक जड़ों को दर्शाती है, जो उन्हें “पंडित“ उपाधि प्रदान करती है। संघ के स्वयंसेवक से सत्ता तक पंडित मोहनलाल बडौली की राजनीतिक यात्रा 1989 में शुरू हुई। मोहन लाल बड़ौली भाजपा के एक समर्पित सिपाही के रूप में उभरे, जिन्होंने संगठन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
1990 के दशक में अटल बिहारी वाजपेयी सरकार के दौरान पंडित मोहन लाल बड़ौली जिला परिषद के चुनाव में भाजपा के पहले जिला पार्षद बने। 2020 में सोनीपत जिला अध्यक्ष बने और पार्टी को मजबूत आधार प्रदान किया।
प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सैनी से मोहनलाल बडौली की ट्यूनिंग शानदार रही है। प्रदेश की नायब सैनी सरकार की हर नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए श्री बडौली लगातार काम कर रहे हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का विश्वास भी बडौली पर पूरा है। प्रदेश अध्यक्ष रहते नायब सिंह सैनी ने श्री बडौली को अपना महामंत्री बनाया और संगठन को मजबूत करने में उनकी कार्य क्षमता का प्रयोग किया। जब नायब सैनी ने मुख्यमंत्री बनने के बाद प्रदेश अध्यक्ष का पद छोड़ा तो प्रदेश अध्यक्ष पंडित जी को बनाया। यह जिम्मेदारी पंडित मोहनलाल बडौली के लिए छोटी नहीं थी। इसका आभास पंडित जी को भली-भांति था, इसलिए विधानसभा चुनाव में खुद चुनाव लड़ने से इन्कार कर पूरी तरह पार्टी के लिए काम करने के लिए खुद को समर्पित किया। चुनाव में नायब सैनी का कंधे से कंधा मिलाकर साथ दिया और विधानसभा में 48 सीटें भाजपा को आई। साधारण से दिखने वाले पंडित मोहनलाल बडौली का कार्यकर्ताओं पर प्रभाव असाधारण है। उनका ठेठ सोनीपत की खड़ी बोली में बोलने का अंदाज भी हरियाणा के पार्टी कार्यकर्ताओं को बहुत भाता है। यही कारण है कि मात्र डेढ़ साल में श्री बडौली संगठन के कार्यकर्ताओं पर अपनी छाप छोड़ने में कामयाब हुए हैं।
विधानसभा चुनाव 2019 में भाजपा के टिकट पर कांग्रेस के गढ़ माने जाने वाली राई विधानसभा से चुनाव लड़ा और 2663 वोटों से जीत दर्ज कर राई से भाजपा के पहले विजेता बने। 2024 में पार्टी ने सोनीपत लोकसभा उम्मीदवार बनाया, मोहन लाल बड़ौली ने मजबूती से चुनाव लड़ा, लेकिन हार का सामना करना पड़ा। उनकी इसी कड़ी मेहनत और समर्पण भाव की उन्हें प्रदेश अध्यक्ष बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका रही।
2024 विधानसभा चुनाव में पंडित मोहन लाल बड़ौली के नेतृत्व में भाजपा ने हरियाणा में हैट्रिक लगाई जो उनकी संगठनात्मक कुशलता का प्रमाण है। जनसेवा और विकास का प्रतीक पंडित मोहनलाल बडौली का नेतृत्व “अंत्योदय“ की भावना से प्रेरित है। वे पंडित दीनदयाल उपाध्याय के सिद्धांतों के प्रबल समर्थक हैं। पंडित मोहन लाल बड़ौली का मानना है कि महिलाएं सशक्त होंगी तो देश सशक्त होगा।
बड़ौली कहते हैं, “राजनीति सत्ता का माध्यम नहीं, बल्कि सामाजिक सेवा का साधन है।“ मोहन लाल बड़ौली निरंतर पार्टी के कार्यों को गति दे रहे हैं। उनके कुशल नेतृत्व में कार्यकर्ताओं और प्रदेश अध्यक्ष के बीच का रिश्ता इतना मजबूत हुआ है कि वे़ कार्यकर्ताओं के दिल की धड़कन बन गए हैं। दृढ़ इच्छा शक्ति के धनी, कर्मठ, कर्तव्यनिष्ठ मोहन लाल बड़ौली़ विनम्र रहते हुए पार्टी के लक्ष्यों को सुगमता से कार्यकर्ताओं के माध्यम से धरातल पर फलीभूत कर रहे हैं।
मोहन लाल बड़ौली कहते हैं कि संगठन और सरकार का नायाब तालमेल ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है और इसी तालमेल से नीति निर्माण को मजबूती मिलती है। यही कारण है कि बड़ौली के नेतृत्व में भाजपा के कार्यकर्ता नायब सरकार की योजनाओं को धरातल पर उतार रहे हैं और सरकार के हर लक्ष्य को मजबूती के साथ पूरा करने में जुटे हैं। बड़ौली के नेतृत्व में भाजपा संगठन जनता और सरकार के बीच एक सेतू की तरह काम करते हुए मोदी सरकार और नायब सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं को घर-घर तक पहुंचा रहे हैं।
आज पंडित मोहन लाल बड़ौली के सोशल मीडिया पर लाखों फॉलोअर्स हैं, जहां वे पार्टी की गतिविधियों और जनसेवा पर अपडेट साझा करते हैं। आज उनके जन्मदिन पर सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री नायब सैनी, प्रदेश प्रभारी डा. सतीश पूनिया, कैबिनेट मंत्री, विधायक, संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा के अलावा तमाम भाजपा नेताओं ने उन्हें बधाई दी और हजारों कार्यकर्ताओं की शुभकामनाएं भी उमड़ पड़ी हैं। पंडित जी के लिए पूरा प्रदेश शुभकामनाएं दे रहा है और उनकी दीर्घायु व स्वस्थ जीवन की कामना कर रहा है।